शोहरतगढ़ में ईंधन संकट की अफवाह या हकीकत? प्रशासन के दावों के बीच लोग परेशान…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

https://youtu.be/5hc-bZFa2xk?si=qjXFaRKydFSh8ojN

द खबर टाइम्स/धर्मेंद्र कुमार चौधरी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या पैनिक से बचने की अपील के बावजूद शोहरतगढ़ क्षेत्र में स्थिति कुछ अलग ही नजर आ रही है। कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध न होने के बोर्ड लगे दिखाई दे रहे हैं, जिससे आमजन में असमंजस और नाराजगी दोनों बढ़ रही है।


बताया जाता है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 730 एवं आसपास के इलाकों में स्थित अंसारी पेट्रोल पंप, अग्रवाल ऑटो मोबाइल और खुनुवा बाईपास मार्ग स्थित श्रीराम फिलिंग स्टेशन सहित कई पेट्रोल पंपों पर कहीं डीजल तो कहीं पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने की सूचना बोर्ड के माध्यम से दी जा रही है। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सख्ती बढ़ाए जाने के बाद बोरा पेट्रोल पंप पर गैलन या डिब्बों में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगा दी गई है। इस व्यवस्था से भी लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि कई लोग आपात स्थिति के लिए अतिरिक्त ईंधन लेने पहुंच रहे हैं।

हालांकि, पेट्रोल पंप संचालकों ने ईंधन की किसी भी प्रकार की कमी से साफ इनकार किया है। शोहरतगढ़ स्थित बोरा पेट्रोल पंप के मालिक अशोक बोरा तथा बुधनईया (पकड़ी) स्थित पेट्रोल पंप के मालिक अनिल चौधरी का कहना है कि क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर दिख रही स्थिति और प्रशासनिक दावों के बीच अंतर लोगों के बीच सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को मौके पर जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि अफवाहों पर विराम लग सके और आमजन को राहत मिल सके।

https://www.facebook.com/share/v/1Hd9vK2FGU/

Leave a Comment

और पढ़ें