द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
ब्लॉक संसाधन केंद्र शोहरतगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय नीबी एवं बढ़नी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गोल्हौरा मुस्तहकम में शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के तहत रैली का आयोजन किया गया। रैली को विधायक विनय वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय नीबी में कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक विनय वर्मा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने विधायक को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में विधायक विनय वर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की और विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान नव प्रवेशित बच्चों को पुस्तकें एवं बैग वितरित किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके बाद सर्व शिक्षा अभियान के तहत रैली को रवाना किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने की। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय गोल्हौरा मुस्तहकम में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां प्रधानाध्यापक डॉ. आशुतोष सिंह ने विधायक का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर किया। विधायक ने नव प्रवेशित बच्चों का रोली-चंदन लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें पुस्तकें व बैग वितरित किए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान शीला चौरसिया, प्रधान प्रतिनिधि राजनेत उर्फ छोटू चौरसिया, प्रधानाध्यापिका हाजरा खातून, बीईओ बढ़नी राम प्रसाद, शिक्षकगण एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



























