मेहनत और अनुशासन से ही मिलेगी सफलता- डॉ. पवन मिश्रा, जिलाध्यक्ष प्रधान संगठन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • अनुशासन सफलता की कुंजी, जीवन में अपनाएं: संजय कुमार (बीईओ)

द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

ब्लॉक संसाधन केन्द्र शोहरतगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद के विभिन्न विद्यालयों- पूर्व माध्यमिक विद्यालय डोहरिया खुर्द, प्राथमिक विद्यालय इटवा भाट, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैदौला एवं प्राथमिक विद्यालय लुचुइया में वार्षिकोत्सव एवं अंकपत्र वितरण कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैदौला एवं प्राथमिक विद्यालय लुचुइया में मुख्य अतिथि प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा रहे, जबकि पूर्व माध्यमिक विद्यालय डोहरिया खुर्द एवं प्राथमिक विद्यालय इटवा भाट में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संजय कुमार एवं विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजीव कुमार उपस्थित रहे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैदौला के प्रधानाध्यापक संजय चौधरी एवं प्राथमिक विद्यालय लुचुइया के प्रधानाध्यापक द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. पवन मिश्रा का बैज एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. पवन मिश्रा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।” उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और अनुशासन बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने प्रेरणादायक उदाहरण देते हुए कहा कि गरीबी कभी सफलता में बाधा नहीं बनती। यदि लगन और मेहनत हो तो व्यक्ति ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

वहीं खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों को समय का पालन करने, नियमित अध्ययन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण स्थान है, जहां बच्चों में अच्छे संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय डोहरिया खुर्द की कक्षा 8 की टॉपर छात्रा महिमा को इंचार्ज प्रधानाध्यापक दधिचि कुमार द्वारा विशेष पुरस्कार स्वरूप साइकिल देकर सम्मानित किया गया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम में संजय चौधरी ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन पृथ्वी पाल ने किया। अंत में इंचार्ज प्रधानाध्यापक दधिचि कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर लालजी यादव, संजीव कुमार, सुरेंद्र यादव, सौरभ निगम, प्रदीप कुमार, दिनेश त्रिपाठी, आनंद त्रिपाठी, आशा गुप्ता, सावित्री, राकेश जायसवाल, राकेश राज, राजकुमार, अंजलि, रीता मिश्रा, पुष्पा मिश्रा, निर्मला, जानकी, नर्वदा सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

1 thought on “मेहनत और अनुशासन से ही मिलेगी सफलता- डॉ. पवन मिश्रा, जिलाध्यक्ष प्रधान संगठन”

Leave a Comment

और पढ़ें