द खबर टाइम्स के लिए परमात्मा प्रसाद उपाध्याय की रिपोर्ट
काठमांडू (नेपाल)
नेपाल की प्रतिनिधि सभा की 10 तथा 2 संयुक्त समितियों के नव निर्वाचित सभापतियों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। सिंहदरबार स्थित संघीय संसद सचिवालय में आयोजित समारोह में प्रतिनिधि सभा के सभामुख डोलप्रसाद अर्याल ने सभी नवनिर्वाचित सभापतियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपसभामुख रुवीकुमारी ठाकुर, कानून, न्याय तथा संसदीय मामलों की मंत्री सोबिता गौतम, राष्ट्रीय सभा की उपाध्यक्ष लीलाकुमारी भण्डारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के संसदीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित सभापतियों में प्रमुख रूप से—
- अर्थ समिति: डॉ. कृष्णहरि बुढाथोकी
- अंतर्राष्ट्रीय संबंध एवं पर्यटन समिति: सुम्निमा उदास
- उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं उपभोक्ता हित समिति: रहवर अंसारी
- कानून, न्याय एवं मानवाधिकार समिति: समीक्षा बास्कोटा
- राज्य व्यवस्था एवं सुशासन समिति: हरि ढकाल
- सार्वजनिक लेखा समिति: भरतबहादुर खड़का
- महिला एवं सामाजिक मामला समिति: आकृति अवस्थी
- पूर्वाधार विकास समिति: आशीष गजुरेल
- कृषि, सहकारी एवं प्राकृतिक स्रोत समिति: अशोक चौधरी
- शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सूचना प्रौद्योगिकी समिति: डॉ. ओजस्वी शेरचन
- संसदीय सुनवाई संयुक्त समिति: बोधनारायण श्रेष्ठ
- राज्य के निर्देशक सिद्धांत, नीति एवं दायित्व के कार्यान्वयन, अनुगमन एवं मूल्यांकन समिति: गणेश कार्की
बताया गया कि शिक्षा समिति तथा राज्य के निर्देशक सिद्धांत संबंधी समिति में दो-दो उम्मीदवार होने के कारण ध्वनि मत के आधार पर राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के उम्मीदवार विजयी घोषित हुए। समितियों के सभापतियों का चयन संबंधित समितियों की बैठक में जेष्ठ सदस्यों की अध्यक्षता में किया गया। कुल 12 में से 11 समितियों में राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के सांसद सभापति चुने गए, जबकि सार्वजनिक लेखा समिति में विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस के भरतबहादुर खड़का को जिम्मेदारी सौंपी गई। शपथ ग्रहण के बाद सभी नव निर्वाचित सभापतियों ने अपने-अपने समिति कार्यालय में पदभार भी ग्रहण कर लिया।



























