बहू-बेटी सम्मेलन में नारी सुरक्षा का संदेश, महिलाओं को बताए गए हेल्पलाइन नंबर
मिशन शक्ति अभियान के तहत झरुआ में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित
द खबर टाइम्स / श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम झरुआ में मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीओ मयंक द्विवेदी व इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया।

इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस टीम ने उन्हें अपने साथ होने वाले अपराधों से बचाव, दहेज उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट तथा महिला संबंधित मामलों में कानूनी सहायता और काउंसलिंग के बारे में जागरूक किया। साथ ही मिशन शक्ति 5.0 के प्रचार-प्रसार के तहत स्टीकर भी चस्पा किए गए। साथ ही महिलाओं को बताया गया कि सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं अपनी समस्याएं दर्ज करा सकती हैं। इस दौरान विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा, 101 अग्निशमन सेवा, 14567 एल्डर हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन प्रमुख रहीं। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों के प्रति भी सजग किया। इस दौरान महिला कांस्टेबल साक्षी सिंह, रूबी दुबे, शोभा भारती सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



























