बदहाली का शिकार हुआ बढ़नी ब्लांक के अर्री गांव में बना सामुदायिक शौचालय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/धर्मेन्द्र कुमार चौधरी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

सरकार द्वारा गांवों को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) बनाने के उद्देश्य से लाखों रुपये खर्च कर सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर कई जगह इनकी स्थिति बदहाल है। इन दिनों बढ़नी ब्लॉक की ग्राम पंचायत अर्री में बना सामुदायिक शौचालय बदहाली का शिकार हो चुका है। शौचालय बंद रहने और पानी की व्यवस्था न होने से ग्रामीण खुले में शौच करने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार सिद्धार्थनगर जनपद को ओडीएफ घोषित किया जा चुका है, जिसमें बढ़नी ब्लॉक की करीब 77 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। लेकिन अगर सामुदायिक शौचालयों की वास्तविक स्थिति की जांच की जाए तो कई स्थानों पर या तो पानी की कोई व्यवस्था नहीं है या फिर शौचालयों पर हमेशा ताले लटके रहते हैं। ग्राम पंचायत अर्री में लाखों रुपये की लागत से बने सामुदायिक शौचालय की हालत बेहद खराब है। शौचालय परिसर के बाहर गंदगी फैली हुई है और मल गिरने वाली टंकी का ढक्कन भी टूटा हुआ है। यहां लगा देसी नल भी करीब एक वर्ष से खराब पड़ा है, जिससे पानी की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। पानी की सुविधा न होने के कारण ग्रामीण शौचालय का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।


स्थानीय लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शौचालय लंबे समय से बंद पड़ा है और इसके दरवाजे पर हमेशा ताला लटका रहता है। इतना ही नहीं, शौचालय परिसर में बकरियां भी बांधी जा रही हैं, जिससे इसकी दुर्दशा साफ दिखाई देती है। बताया जाता है कि सामुदायिक शौचालय के संचालन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह को दी गई है, लेकिन समूह की ओर से कोई सक्रियता नहीं दिख रही है। वहीं केयर टेकर के नाम पर हर महीने मानदेय का भुगतान किया जा रहा है, जबकि शौचालय अधिकांश समय बंद ही रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब वे शौच के लिए शौचालय पर पहुंचते हैं तो दरवाजे पर ताला लटका मिलता है, जिससे उन्हें मजबूर होकर खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से शौचालय को नियमित रूप से खुलवाने और पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें