द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
सिद्धार्थनगर
मंगलवार को आगामी होली, रमजान एवं ईद के त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने की। इस दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत होते ही डीआईजी संजीव त्यागी ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पीस कमेटी के सदस्यों एवं थानाध्यक्षों से क्षेत्रवार फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें। पीस कमेटी के सदस्यों ने भरोसा दिलाया कि जनपद में सभी त्योहार शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे और किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। नगर पालिका, नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी पर जबरन रंग न डालें, हुड़दंग, छेड़छाड़ या नई परंपरा शुरू करने से बचें तथा डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि होली के दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी संजीव त्यागी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि होली जुलूस एवं होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए, जिससे कोई अप्रिय घटना न होने पाए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि पुरानी परंपराओं के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं और आपसी भाईचारे को बनाए रखें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि जिन थाना क्षेत्रों में होली जुलूस निकाले जाते हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पीस कमेटी के सदस्यों से भी सहयोग की अपील की।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, बांसी निखिल वक्रवर्ती, डुमरियागंज राजेश कुमार, इटवा कुणाल, शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्र, संबंधित क्षेत्राधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी वीर अभिमन्यु, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, अधिशासी अभियंता विद्युत ज्ञान प्रकाश, बढ़नी चेयरमैन सुनील अग्रहरि, शोहरतगढ़ चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल आदि मौजूद रहे।



























