द खबर टाइम्स/धर्मेन्द्र चौधरी
सिद्धार्थनगर
जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त पालन को लेकर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने अधिकारियों को बिना फिटनेस, पंजीकरण व परमिट वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालय वाहनों की अनिवार्य फिटनेस जांच कराने, बिना फिटनेस बसों का संचालन तत्काल बंद कराने तथा ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने को कहा। उन्होंने एआरटीओ को परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) व लोक निर्माण विभाग को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर चेतावनी एवं गति सीमा संकेतक बोर्ड लगाने तथा उनकी नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और विद्यालयों में यातायात जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। जिलाधिकारी ने आमजन से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने की अपील की तथा पेट्रोल पंपों पर “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।




























