- बच्चों को दी महिला सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा की जानकारी
द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना शोहरतगढ़ पुलिस टीम ने नगर पंचायत शोहरतगढ़ के नीबी दोहनी स्थित कम्पोजिट विद्यालय नीबी दोहनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नए कानून तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 1098, 1930, 108, 101, 1076 एवं 14567 की जानकारी दी। साथ ही आपात स्थिति में इन सेवाओं का निडर होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, हेड कांस्टेबल अविनाश सिंह, महिला कांस्टेबल शोभा भारती एवं नंदिनी गुप्ता सहित पुलिस टीम के सदस्य उपस्थित रहे।



























