परसा रेलवे क्रॉसिंग पर टला बड़ा हादसा, चालक की सूझबूझ के चलते समय रहते रोकी गई ट्रेन… वीडिओ वायरल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स / अनूप गोस्वामी

बढ़नी, सिद्धार्थनगर

गोरखपुर–गोंडा वाया बढ़नी रेलखंड पर स्थित परसा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार की शाम एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात कर्मचारी की लापरवाही के चलते समय पर बैरियर नहीं गिराया गया, लेकिन ट्रेन चालक की सतर्कता और सूझबूझ से संभावित दुर्घटना टल गई।

मंगलवार को गोरखपुर से बढ़नी जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 55075 शाम 4 बजकर 44 मिनट पर परसा रेलवे स्टेशन के पूर्व स्थित एनएच रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचने वाली थी। सूचना मिलने के बावजूद क्रॉसिंग पर तैनात कर्मचारी ने बैरियर नहीं गिराया, जिससे सड़क पर वाहनों का आवागमन जारी रहा। स्थिति को भांपते हुए ट्रेन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए क्रॉसिंग से लगभग 200 मीटर पहले ही ट्रेन रोक दी।

क्रॉसिंग के पास अचानक ट्रेन खड़ी देख सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब कुछ लोग क्रॉसिंग के किनारे बने कमरे में पहुंचे, तब कर्मचारी बाहर आया और बैरियर गिराया। इस दौरान ट्रेन चालक लगातार हार्न बजाकर लोगों को सतर्क करता रहा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 20 दिन पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। वहीं, इससे पूर्व 19 दिसंबर को शोहरतगढ़-चिल्हिया रेलवे स्टेशनों के बीच गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग पर भी गेटमैन की लापरवाही से बैरियर नहीं गिराया गया था, जिससे दुर्घटना की स्थिति बन गई थी। इस संबंध में परसा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर केपी सिंह ने बताया कि ट्रेन सिग्नल नहीं मिलने के कारण खड़ी थी। सड़क पर जाम की स्थिति न बने, इसलिए बैरियर नहीं गिराया गया था। उन्होंने लापरवाही की बात से इनकार किया है।

Leave a Comment

और पढ़ें