सरकारी दावों के बीच शोहरतगढ़ में पेट्रोल-डीजल संकट, पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

तहसील क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार द्वारा ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 730 और आसपास के क्षेत्रों में स्थित अंसारी पेट्रोल पंप, अग्रवाल पेट्रोल पंप व खुनुवा बाईपास मार्ग पर श्रीराम फिलिंग स्टेशन सहित कई पंपों पर “पेट्रोल व डीजल उपलब्ध नहीं है” के बोर्ड लगे देखे गए। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रोजमर्रा के कार्यों के लिए ईंधन के लिए भटकना पड़ रहा है। किसान, व्यापारी और यात्री सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई लोग घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं। इससे आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

तो वहीं शोहरतगढ़ के बोरा पेट्रोल पम्प पर लम्बी-लम्बी कतारें भी देखने को मिल रही है। वहीं प्रशासन ने ईंधन की कमी से इनकार किया है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. ने स्पष्ट किया है कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी पंपों पर आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व भ्रामक अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, यदि किसी पेट्रोल पंप पर अस्थायी रूप से ईंधन समाप्त होता है तो संबंधित कंपनियों से समन्वय कर आपूर्ति तुरंत बहाल कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और न ही उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करें।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट व भारतीय दंड संहिता के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कालाबाजारी या अवैध भंडारण पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कर राहत दिलाने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें