- ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता पर दिया जोर
द खबर टाइम्स/अनूप गोस्वामी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
ब्लॉक संसाधन केंद्र शोहरतगढ़ परिसर में गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों, स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों एवं प्रधानाध्यापकों की ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक विनय वर्मा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ की गई। इस दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि डोहरिया खुर्द विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने संगोष्ठी में शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने डीबीटी योजना के तहत अभिभावकों के खातों में भेजे गए 1200 रुपये के समुचित उपयोग, प्रेरणा पोर्टल, ऑपरेशन कायाकल्प एवं निपुण भारत मिशन जैसे बिंदुओं पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में विधायक विनय वर्मा ने कहा कि ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अभिभावकों को एसएमसी, आउट ऑफ स्कूल बच्चों, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एवं अन्य शैक्षिक योजनाओं के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा के उत्थान और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विधायक ने बताया कि डीबीटी के तहत भेजी गई 1200 रुपये की धनराशि का उपयोग बच्चों के ड्रेस, स्वेटर, जूता-मोजा, बैग एवं स्टेशनरी खरीदने में किया जाना चाहिए। साथ ही ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों का मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, जबकि निपुण भारत मिशन के अंतर्गत विद्यालयों में सहायक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर रामविलास यादव, लालजी यादव एवं रामदास मौर्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विधायक विनय वर्मा, बीईओ संजय कुमार, रत्नेश सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष लालजी यादव, हरीश वर्मा, मनोज यादव, तुलसीराम, मुस्तन शेरुल्लाह, सुजीत यादव, विजय पाण्डेय, संजीव राम, गायत्री देवी, कल्पना, सावित्री देवी, हाजरा खातून, सरिता यादव, अशोक, परवीन यादव, पप्पू सिंह, सुरेन्द्र भारती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कल्पना ने किया। अंत में विधायक विनय वर्मा द्वारा प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कृत किया गया।



























