चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन पलटा देवी मंदिर में विधायक व डीएम ने की पूजा-अर्चना, मां दुर्गा का लिया आशीर्वाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस के अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध पलटा देवी मंदिर में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा एवं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जहां मंदिर के पुजारियों द्वारा पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई। इस दौरान विधायक एवं जिलाधिकारी ने जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की।

विधायक विनय वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व समाज में भाईचारा, एकता और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए इसे श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया। वहीं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने कहा कि नवरात्रि हमें शक्ति, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है, जो समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पूजा-अर्चना के उपरांत जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच फल वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानंद राय, खंड विकास अधिकारी बृजभूषण तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें