- चिल्हिया चौराहा बनेगा ‘शहीद भगत सिंह चौराहा’, विधायक विनय वर्मा ने किया भूमिपूजन
- 20.22 लाख से होगा शहीद भगत सिंह चौराहे का सौंदर्यीकरण
द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर स्थित चिल्हिया चौराहा अब जल्द ही शहीद भगत सिंह चौराहा के रूप में नई पहचान पाएगा। शुक्रवार को शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने विधायक विकास निधि से लगभग 20 लाख 22 हजार रुपये की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति से आयोजन भव्य रहा।

भूमिपूजन के अवसर पर विधायक विनय वर्मा ने कहा कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र को सुंदर, सुसज्जित और विकसित बनाना उनका संकल्प है। चिल्हिया चौराहा का सौंदर्यीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और तिराहों को महापुरुषों के नाम से विकसित किया जाएगा। इसके तहत चिल्हिया चौराहा पर शहीद भगत सिंह, गनेशपुर चौराहा पर डॉ. भीमराव अंबेडकर, ढेबरुआ तिराहे पर सोनीलाल तथा बढ़नी चौराहा पर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इस जनहितकारी कार्य के शुभारंभ को क्षेत्रीय जनता का भरपूर समर्थन मिला है। लोगों का उत्साह और सहभागिता इस बात का संकेत है कि क्षेत्र अब विकास के नए स्वरूप की ओर बढ़ रहा है। विधायक ने कहा कि जनता के सहयोग से शोहरतगढ़ विधानसभा को एक नई पहचान दिलाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान क्रेन से पुष्पवर्षा कर विधायक विनय वर्मा, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह का स्वागत किया गया। इससे आयोजन स्थल पर उत्सवी माहौल बन गया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम के दौरान मौसम भी पूरी तरह अनुकूल रहा, जबकि समापन के बाद हुई वर्षा को लोगों ने शुभ संकेत के रूप में देखा।

इस मौके पर कार्यदायी संस्था सिडको के अधिशासी अभियंता ने विधायक समेत मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। विधायक ने भाजपा, निषाद पार्टी, अपना दल (एस) के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, क्षेत्रीय जनता, प्रशासनिक अधिकारियों तथा मीडिया कर्मियों के प्रति आभार जताया।

इस दौरान एसडीएम विवेकानंद मिश्रा, बीडीओ चंद्रभूषण तिवारी, सीओ मयंक द्विवेदी, चिल्हिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता, शोहरतगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, संतोष पोद्दार, मुकेश पोद्दार, कौशलेंद्र कौशल, मनोज गुप्ता, रामदास मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



























