द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
मंगलवार को बढ़नी नगर पंचायत भक्ति और आस्था के रंग में पूरी तरह सराबोर हो गया। फाल्गुन महोत्सव के पावन अवसर पर खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में केसरिया और रंग-बिरंगे निशान लिए श्रद्धालु जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरा नगर ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयघोष से गूंज उठा।

निशान यात्रा का शुभारंभ गोला बाजार स्थित रानीसती दादी मंदिर से विधिवत पूजन और अखंड ज्योति की आरती के साथ हुआ। ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। “सजा दो घर को गुलशन सा, मेरे सरकार आए हैं“ जैसे भजनों पर महिला, पुरुष और बच्चे झूमते और नृत्य करते नजर आए। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर निकली, जहां सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा का निशान मंदिर तक पहुंचाना उनके जीवन का सौभाग्य है और इससे उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। निशान यात्रा का समापन कृष्णानगर स्थित श्री श्याम मंदिर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन किए और अपने निशान अर्पित किए। मंदिर परिसर को फूलों और रंगीन सजावट से भव्य रूप दिया गया था। बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। देर शाम तक भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चलता रहा और श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया। यह भव्य आयोजन श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, एकता और भक्ति का अद्भुत उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।

इस भव्य निशान यात्रा में गोकुल गोयल, संजय मित्तल, हिमांशु कंछल, विनीत कमलापुरी (सभासद), सतीश चंद्र शर्मा, शिवम उपाध्याय (पूर्व सभासद), राजकुमार अग्रहरि, संजय जायसवाल, श्याम देव यादव, युवा नेता अखिलेश मद्धेशिया, विनोद जायसवाल, समाजसेवी यश गुप्ता, शिक्षक मनोज पांडेय, आशीष देव यादव, सत्यम कौशल और सागर मोदनवाल सहित हजारों श्रद्धालु शामिल रहे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद एवं चौकी इंचार्ज वीरेन्द्र यादव पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे, जिससे निशान यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।



























