सिद्धार्थनगर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी, किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
सिद्धार्थनगर

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में चलाए जा रहे “साइबर अपराध सुरक्षा जागरूकता अभियान” के तहत साइबर क्राइम थाना सिद्धार्थनगर द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना श्याम सुंदर तिवारी एवं उनकी टीम ने भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग (SPEL) कार्यक्रम के तृतीय चरण के अंतर्गत शिवपति डिग्री कॉलेज शोहरतगढ़ तथा बुद्ध विद्या पीठ डिग्री कॉलेज के एनएसएस छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यालय भ्रमण कराया। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों एवं जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्रों को बताया गया कि साइबर अपराधी लोगों की निजी जानकारी एकत्र कर उनका दुरुपयोग कर सकते हैं, इसलिए किसी भी सोशल मीडिया या सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड, बैंक खाता नंबर या पिन साझा नहीं करना चाहिए। इसके अलावा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने, मजबूत पासवर्ड बनाने, सुरक्षित वेबसाइट (https) का उपयोग करने तथा ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि समय पर शिकायत करने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन ऑफर पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। इस अवसर पर साइबर क्राइम थाना के पुलिसकर्मी एचसी दिलीप कुमार द्विवेदी, कांस्टेबल रामप्रवेश यादव और कांस्टेबल आशुतोष जायसवाल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें