खड़ी गेहूं की फसल के बीच सड़क पटाई में लगी मिट्टी पर उठे सवाल, जांच के आदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/आर0के0 बाबा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

ग्राम पंचायत खजुरिया शर्की में मिट्टी पटाई के कार्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि जिस मार्ग पर लगभग एक किलोमीटर मिट्टी पटाई का कार्य दर्शाया गया है, वहां आज भी दोनों तरफ गेहूं की खड़ी फसल लहरा रही है। ऐसे में ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि आखिर सड़क पटाई के लिए मिट्टी कहां से लाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत खजुरिया शर्की निवासी मोहम्मद खालिद ने खंड विकास अधिकारी, बढ़नी को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि उनके गांव में आरा मशीन से संसरी मार्ग होते हुए ग्राम पंचायत बैरीहवा की सरहद तक लगभग एक किलोमीटर मिट्टी पटाई का कार्य दिखाया गया है। जबकि मौके की स्थिति इससे अलग दिखाई दे रही है। शिकायत मिलते ही खंड विकास अधिकारी अनीष मणि त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर जांच के आदेश दे दिए हैं। शिकायतकर्ता मोहम्मद खालिद ने यह भी आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव को कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने फोन नहीं उठाया। उनका कहना है कि सचिव के मोबाइल पर घंटी जाती रही, लेकिन बात नहीं हो सकी। ग्रामीणों में यह भी चर्चा है कि संबंधित सचिव का नाम विकासखंड के चर्चित सचिवों में लिया जाता रहा है। आरोप है कि विगत वर्ष भी वह एक अन्य गांव में गड़बड़ी और कथित गबन के मामले में निलंबित किए गए थे। हालांकि बाद में उनकी बहाली किस प्रकार हुई, यह जांच और संबंधित अधिकारियों के स्तर पर ही स्पष्ट हो सकेगा। अब देखना यह होगा कि गठित जांच समिति कितनी शीघ्र जांच पूरी करती है और उसकी रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं। फिलहाल गांव में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें