द खबर टाइम्स / राकेश बाबा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
शोहरतगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत जमुनी और ग्राम पंचायत संतोरी में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर करने के उद्देश्य से ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, साथ ही उनकी समस्याएं भी सुनी गईं।

जमुनी गांव में आयोजित चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव लालचंद चौधरी ने की, जबकि संतोरी गांव में चौपाल की अध्यक्षता प्रभारी सचिव गौरव श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम में ग्रामीणों को वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय योजना, मनरेगा तथा विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) समेत रोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा ग्रामीणों को ब्लॉक स्तर पर संचालित अन्य योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने लोगों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने और पात्रता के अनुसार आवेदन करने की अपील की। चौपाल के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक करते हुए गांव को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया। जमुनी गांव में आयोजित कार्यक्रम में सचिव लालचंद चौधरी, ग्राम प्रधान राम प्रसाद, पंचायत सहायक रामेश कुमार और केयर टेकर विंदा मौजूद रहे। वहीं संतोरी गांव में प्रभारी सचिव गौरव श्रीवास्तव एवं इंद्रजीत सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।




























