होली-ईद के मद्देनज़र कर्मचारी सम्मान समारोह आयोजित, उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मियों का हुआ सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

होली एवं ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से शोहरतगढ़ ब्लॉक के ग्रा०पं० रमवापुर (खास) सचिवालय परिसर में कर्मचारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान जफर आलम ने किया।

इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों एवं सहयोगियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव), अध्यापक, शिक्षामित्र, लेखपाल, तकनीकी सहायक, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक सहित अन्य कर्मियों को अंगवस्त्र एवं मिठाई देकर सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मध्यान्ह भोजन में योगदान देने वाली रसोइयों, सफाई कर्मचारियों, कोटेदारों तथा सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान जफर आलम ने कहा कि ग्राम स्तर पर कार्यरत ये सभी कर्मचारी सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके समर्पण और सेवा भाव के कारण ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। अंत में सभी को होली एवं ईद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें