- प्रशिक्षण शिविर में निखरी प्रतिभाएं, अनुशासन व सेवा भाव पर जोर
- कैंप क्राफ्ट, टेंट निर्माण व बिना बर्तन भोजन का कराया अभ्यास
द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।
शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में आयोजित रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के तीसरे दिन प्रतिभागियों को कैंप क्राफ्ट, टेंट निर्माण, गजट गेट बनाना तथा खुले आसमान के नीचे बिना बर्तन भोजन तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा ने शिविर में पहुंचकर रोवर्स-रेंजर्स का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, समाज सेवा एवं एकता की भावना विकसित होती है। ऐसे शिविर युवाओं को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है। शिविर से प्राप्त प्रमाण पत्र भविष्य में विभिन्न सेवाओं में सहायक सिद्ध होगा तथा आपदा या विषम परिस्थितियों में दूसरों की सहायता करने की क्षमता विकसित करेगा।
डा. प्रवीण कुमार ने बताया कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्काउटिंग-गाइडिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रपति पुरस्कार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को उत्तराखंड के शीतलाखेत (अल्मोड़ा) में आयोजित एडवेंचर कैंप में भी शामिल कराया जाएगा। प्रशिक्षण को सफल बनाने में अमित कुमार शुक्ल एवं प्रशिक्षक राम शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिविर के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इसमें रीना प्रजापति, मुस्कान पांडेय, अन्नू, ममता, इंद्रेश कुमार, लक्ष्मी वर्मा, स्मिता चौधरी, उमा पांडेय, सौम्या पांडेय, पूजा चौरसिया, मोनू चौधरी, सुग्रीव, सिद्धार्थ, महेश शर्मा, चंद्र कुमार, रूपेश यादव, रमेश, कुसुम चौरसिया, अंकिता मौर्य सहित विभिन्न टोलियों द्वारा सराहनीय प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर मेजर मुकेश कुमार, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, रामकिशोर सिंह, सत्यनारायण दास, डॉ. रमेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


























