वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच 105 कलशों के अभिषेक संग स्थापित हुई माँ दुर्गा, श्रद्धालुओं ने लिया भंडारे का प्रसाद
द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
क्षेत्र के मुडिला खुर्द गांव में नवनिर्मित दुर्गा मंदिर में बृहस्पतिवार को माता दुर्गा की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस दौरान 105 कलशों के पवित्र जल से मंदिर के शिखर का अभिषेक कर धार्मिक अनुष्ठान को भव्य रूप दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें बैंड-बाजे के साथ आकर्षक व मनमोहक झांकियां निकाली गईं।

श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में देवी प्रतिमा लेकर पूरे कस्बे का भ्रमण करते हुए शक्तिपीठ पल्टादेवी मंदिर पहुंचे, जहां पंडित सत्यम पांडेय ने विधिवत पूजन-अर्चन कर प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके पश्चात शोभायात्रा नवनिर्मित मंदिर, मुडिला खुर्द पहुंची, जहां विद्वान पंडित सत्यम पांडेय, अष्टभुजा प्रसाद, अशोक पांडेय, प्रिंस एवं आनंद द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। पूरे वातावरण में जय माता दी के जयकारों से गूंज उठी। अनुष्ठान के दौरान शिखर स्नान, हवन एवं पूर्णाहुति जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी संपन्न हुए। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के ग्रामीणों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।

ग्राम प्रधान अवनींद्र चौधरी ने बताया कि सायंकाल भव्य जागरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इस अवसर पर रघुपति चौधरी, बाल किशोर चौधरी, डॉ. राम बदन शर्मा, हरिओम मौर्या, नामू मौर्या, अलगू, विश्वनाथ पासवान, निखिल पटेल, रितिक पटेल, ओमप्रकाश, राघवेंद्र चौधरी, फूलचंद्र चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




























1 thought on “आस्था के रंग में रंगा मुडिला खुर्द गाँव, धूमधाम से हुई मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा”
https://shorturl.fm/wrJGh