बढ़नी ब्लॉक के भरौली में लगा ग्राम चौपाल, विधायक विनय वर्मा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

 

शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बढ़नी विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भरौली में ‘ग्राम चौपाल : गांव की समस्या, गांव में समाधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक विनय वर्मा का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। चौपाल के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि जनता से सीधा संवाद ही लोकतंत्र की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है। ग्राम चौपाल का उद्देश्य यही है कि गांव के लोगों की समस्याएं गांव में ही सुनी जाएं और उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। शासन की मंशा के अनुरूप गांव-गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और पात्र लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना ही ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रखें, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में आयोजक राम पाठक, संचालक गुग्गी एल. राही, अनंत राम पाठक, वीरेंद्र कुमार, बेचन यादव, विशम्भर मिश्रा, बृजराजे सिंह, नंदलाल बोघरी, सत्य प्रकाश द्विवेदी, नारायण पासवान, संजय पाठक, आकाश पांडेय, मुकेश एवं दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें