- वीर, ओज, हास्य और श्रृंगार रस की रचनाओं ने लोगों को किया आकर्षित
द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
हिन्दू नववर्ष के शुभारंभ के अवसर पर शोहरतगढ़ कस्बे स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में तृतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवशक्ति शर्मा की ओर से किया गया, जबकि संचालन मुकेश श्रीवास्तव ने किया। कवियों ने वीर, ओज, हास्य और श्रृंगार रस की रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद रहे। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक राजीव नयन तथा विशिष्ट अतिथि निवर्तमान जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान रहे। आयोजन के दौरान सभी आमंत्रित कवियों व अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

काव्यपाठ की शुरुआत स्थानीय कवयित्री सलोनी उपाध्याय ने मां शारदे की वंदना से की। इसके बाद बाराबंकी से आए वीर रस के कवि शिवम मिश्रा ने अपनी ओजपूर्ण रचनाओं से देशभक्ति का जज्बा जगाया। सबसे कम उम्र के हास्य कवि शिवांश सुंदरम् ने हास्य कविताओं के जरिए श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। ओज कवि शिवेश राजा ने अन्याय, सत्य और मानवीय मूल्यों पर केंद्रित अपनी रचनाओं से खूब तालियां बटोरीं।

श्रृंगार कवि गोपाल राधेय ने अपनी संवेदनशील प्रस्तुति से माहौल को भावपूर्ण बनाया। ओज कवि गौरव गौरवान्वित ने जोशीली रचनाओं से दर्शकों में उत्साह का संचार किया। स्थानीय कवयित्री सलोनी उपाध्याय ने नववर्ष और भगवा रंग की सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत कीं। वहीं स्थानीय ओज कवि अरुणेश विश्वकर्मा ने क्रांतिकारी तेवर वाली कविताओं से श्रोताओं को प्रभावित किया।

हास्य कवि प्रमोद पंकज ने अपनी विशिष्ट शैली में काव्य पाठ कर लोगों को खूब हंसाया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में मंच का कुशल संचालन कर रहे कवि सुनीत बाजपेयी ने भी अपनी प्रभावशाली रचनाओं का पाठ किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजक शिवशक्ति शर्मा ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच की अध्यक्षता कर रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्णपाल चौधरी ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अमित यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, बढ़नी चेयरमैन सुनील अग्रहरि, जिला मंत्री अनीता जायसवाल, प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा, डॉ. सुधांशु बोरा, दलश्रृंगार दूबे, पंकज चौबे, शुभम गौड़, संतोष पासवान, अंश जायसवाल, भोलेशंकर अग्रहरि, अभिषेक चौधरी, पंकज श्रीवास्तव, ओमप्रकाश मिश्रा, अंकित मोदनवाल, अवधेश यादव, नरेंद्र पांडेय, अजय चौधरी, नीलेश चौधरी, राममगन यादव, वीरेंद्र गौड़, दीपक सिंह, शिवम् त्रिपाठी, लकी त्रिपाठी, आकाश वर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



























