सिद्धार्थनगर- शोहरतगढ़ ब्लॉक के चिल्हिया में लगी ग्राम चौपाल, सीडीओ ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स / श्रवण कुमार पटवा

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

शुक्रवार को शोहरतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिल्हिया में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बलराम सिंह की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।

चौपाल को संबोधित करते हुए सीडीओ बलराम सिंह ने कहा कि ग्राम चौपाल सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को मौके पर समझने, उनका त्वरित निस्तारण करने तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन, आवास, शौचालय, राशन, मनरेगा, पोषण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को खुलकर रखें, ताकि संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से उनका समाधान कर सकें। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चौपाल में प्राप्त शिकायतों और मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी चंद्रभूषण तिवारी, सचिव राम सिंह तथा ग्राम प्रधान इबरार अली ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। इसी क्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गोद भराई रस्म एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। माताओं को पोषाहार, टीकाकरण, नियमित जांच और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। चौपाल के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, शिक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान प्रमुख रूप से भावना चौधरी, प्रेम शीला, खैरुन्ननीषा, जाहिद, तबारक कादिर हुसैन, जटा शंकर आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें