सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम विवेकानन्द मिश्रा ने प्राप्त हुई शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

https://youtu.be/PoxLPDa7iwI

द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

शनिवार को शोहरतगढ़ तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्रा की अध्यक्षता में तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई तथा प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए गए।


एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण मौके पर जाकर शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष जांच के उपरांत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध अतिक्रमण, खतौनी में नाम संशोधन, सड़क व नाली निर्माण, तथा अन्नपूर्णा भवन निर्माण में आ रही बाधाओं से संबंधित कई मामले प्रस्तुत किए गए।

झरुवा ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रताप जायसवाल द्वारा सौंपे गए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया गया कि गांव में प्रस्तावित अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्य में कुछ लोगों द्वारा बाधा उत्पन्न की जा रही है। आरोप है कि सब्बल व हथौड़े से लगभग सात फीट ऊंची दीवार को गिराकर ध्वस्त कर दिया गया, जिससे सरकारी धन की क्षति हुई है। साथ ही पुनर्निर्माण का प्रयास करने पर दबंग व्यक्तियों द्वारा मारपीट की धमकी दिए जाने की भी बात कही गई है। प्रधान ने संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी अशोक कुमार सिंह, चकबंदी अधिकारी दुष्यंत कुमार, अधिशासी अधिकारी अजय कुमार, उपवन क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ अमजद खान, उपवन क्षेत्राधिकारी बढ़नी मंतराम, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) राजीव सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें