पर्पल फेयर दिव्यांग समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : सांसद जगदंबिका पाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिद्धार्थनगर में आयोजित एकदिवसीय कार्यक्रम में 17 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल समेत 112 सहायक उपकरण वितरित

द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
सिद्धार्थनगर

दिव्यांगजनों के समावेशन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीआरसी गोरखपुर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित लोहिया कला भवन में एकदिवसीय पर्पल फेयर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पर्पल फेयर दिव्यांगजनों के समावेशन की दिशा में सरकार का एक सार्थक प्रयास है, जिससे समाज में जागरूकता बढ़ती है और दिव्यांगता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।


मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समान अवसर प्रदान करना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में 500 से अधिक दिव्यांगजनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा दिव्यांगजनों को 17 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल सहित कुल 112 सहायक उपकरण वितरित किए गए। ये उपकरण एल्मिको कानपुर के प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र द्वारा उपलब्ध कराए गए।


कार्यक्रम की शुरुआत में सीआरसी गोरखपुर के निदेशक जितेंद्र यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पर्पल फेयर की थीम एवं समावेशी समाज के निर्माण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के पुनर्वास एवं सशक्तिकरण के लिए सीआरसी लगातार कार्य कर रहा है।


इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी तथा सेवा योजन कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समग्र शिक्षा, बचपन डे केयर सेंटर, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र तथा विभिन्न गैर सरकारी संस्थाओं ने भी सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का समन्वय राजेश कुमार एवं नागेंद्र पांडे द्वारा किया गया। साथ ही मानव संसाधन विकास कार्यक्रम के प्रशिक्षुओं एवं सीआरसी गोरखपुर के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment

और पढ़ें