द खबर टाइम्स /श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
गांव की समस्याओं का गांव में ही समाधान कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को शोहरतगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत संतोरा में चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

चौपाल की अध्यक्षता सचिव संदीप सरोज ने की। इस दौरान ग्रामीणों को पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और अभिलेखों के संबंध में भी बताया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गांव में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आसपास गंदगी न फैलाने की अपील की। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस दौरान ग्राम प्रशासक शिवलाल प्रजापति समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
































