मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत पुलिस टीम ने हेल्पलाइन नंबरों और नए कानूनों की दी जानकारी
द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत शनिवार को थाना शोहरतगढ़ पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों तथा नए कानूनों की जानकारी भी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और महिलाओं के अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में वे नजदीकी थाने में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र की सहायता ले सकती हैं। साथ ही महिलाओं से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस), 101 (अग्निशमन), 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख धाराओं से भी अवगत कराया गया तथा किसी भी प्रकार के अपराध की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इस जागरूकता अभियान में उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, हेड कांस्टेबल अविनाश सिंह, महिला कांस्टेबल उर्मिला देवी एवं शोभा भारती ने सक्रिय सहभागिता निभाई।


























