शोहरतगढ़ सीएचसी की ओपीडी में बढ़ी मरीजों की संख्या, एक डॉक्टर के पास रोजाना पहुंच रहे करीब 250 मरीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और दस्त के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। इसका असर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शोहरतगढ़ की ओपीडी में साफ दिखाई दे रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।

सीएचसी शोहरतगढ़ में तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार मौर्य ने शनिवार को बताया कि उनकी ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 150 नए मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि करीब 100 पुराने मरीज फॉलोअप जांच के लिए आते हैं। इस प्रकार अकेले उनकी ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 250 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि इन दिनों सर्दी, खांसी, बुखार और दस्त के मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है। अधिकांश मरीज वायरल फीवर से पीड़ित हैं, जो मौसम में बदलाव के कारण तेजी से फैल रहा है। डॉ. मौर्य ने लोगों से अपील की कि वायरल संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतें तथा बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उचित उपचार से अधिकांश वायरल संक्रमण कुछ दिनों में ठीक हो जाते हैं। पर्याप्त आराम, स्वच्छ पेयजल और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन भी बचाव में सहायक है।

सीएचसी में तैनात अन्य चिकित्सकों डॉ. एस.के. भारती और डॉ. अर्जुन यादव की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मौसम जनित बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

Leave a Comment

और पढ़ें