द ख़बर टाइम्स/ अभिषेक शुक्ला
सिद्धार्थनगर
शोहरतगढ़ तहसील अंतर्गत के विकास खंड बर्डपुर में शासन के आदेश एवं अधिकारियों के निर्देश के बाद भी ग्राम पंचायत बजहां में ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो सका। अधिकारियों की लापरवाही का आलम ऐसा कि शुक्रवार को पंचायत भवन में ताला लटका रहा और संभावित योजना से लाभान्वित होने वाले ग्रामीण वापस लौट गये। मामले को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि चौपाल के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान किया जाता है। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जबकि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजहर हुसैन का दावा है कि चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, लेकिन कोई फोटो नहीं खींची गई। सेक्रेटरी हरेंद्र पांडे ने छुट्टी पर होने की बात कही और जिम्मेदारी पंचायत सहायक को सौंपने की बात बताई। पंचायत सहायक ने परिवार के इलाज में व्यस्त होने का हवाला दिया है। वहीं एडीओ पंचायत के चार्ज पर रहे सचिव महेश्वर पांडे ने इस मामले में कोई जवाब नहीं दिया। खंड विकास अधिकारी बर्डपुर विजय सिंह ने कहा कि उपरोक्त प्रकरण की जांच की जाएगी।



























