द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
शनिवार को थाना शोहरतगढ़ की कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) ने क्षेत्र के पकड़ी गांव में पहुंचकर 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों से मुलाकात की। इस दौरान पुलिस टीम ने उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए हरसंभव पुलिस सहायता का भरोसा दिलाया। पुलिस टीम ने बुजुर्गों से उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही किसी भी आपात स्थिति या परेशानी की दशा में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान किसी भी बुजुर्ग अथवा दिव्यांग ने किसी प्रकार की शिकायत नहीं की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को सीपीयू प्रभारी का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके। ग्रामीणों ने पुलिस के इस जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति विश्वास एवं सहयोग की भावना व्यक्त की। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर निरीक्षक अवधेश पांडेय, हेड कांस्टेबल मदन राय, कांस्टेबल राजकुमार, महिला कांस्टेबल रूबी दूबे सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।



























