24 घंटे बाद मछुआरों के जाल में मिले नदी में डूबे तीनों युवकों के शव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • # बैदौली घाट पर अंतिम संस्कार के बाद नहाने उतरे थे तीनों युवक
  • # विधायक व पुलिस ने मछुआरों को दिया ₹12 हजार का प्रोत्साहन

द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

बाणगंगा नदी के बैदौली घाट पर अंतिम संस्कार के बाद स्नान करने के दौरान डूबे तीन युवकों के शव आखिरकार करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिए गए। प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय मछुआरा समुदाय के पेशेवर गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार को जाल की मदद से तीनों शव नदी से बाहर निकाले गए। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना बीते गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। मधवापुर टोला मिझुनिया गांव निवासी शिवा चौहान, रवि वरुण और मोनू वरुण गांव की बुजुर्ग महिला कंचन के अंतिम संस्कार में शामिल होने बैदौली घाट पहुंचे थे। दाह संस्कार के बाद तीनों युवक बाणगंगा नदी में स्नान करने उतर गए, तभी गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

सूचना पर प्रशासन और एसडीआरएफ ने देर शाम तक तलाश की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। शुक्रवार सुबह नई डहर गांव के मछुआरा समुदाय के पेशेवर गोताखोरों ने बड़े-बड़े जाल डालकर दोबारा खोज अभियान शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। शव मिलने के बाद रवि वरुण और मोनू वरुण के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और दोनों शवों को अपने साथ घर ले गए।

वहीं शिवा चौहान के शव का पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मछुआरा समुदाय के लोगों की मेहनत की सराहना करते हुए शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने 7,000 रुपये तथा थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। कुल 12,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर उनके प्रयासों की सराहना की गई। विधायक विनय वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। खबर लिखे जाने तक अन्य दो मृतक युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा या परिजनों ने इससे इनकार कर दिया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

घटनास्थल पर उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, नायब तहसीलदार माधुर्य यादव, थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह, लेखपाल आशीष संगम, निरीक्षक अवधेश पांडेय, सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पांडेय, रोशन श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान धर्मबीर, राम अचल, समाजसेवी श्याम जायसवाल, भारतीय मानवाधिकार परिवार के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र रूंगटा, व्यवसायी दुर्गेश गुप्ता, अनिल अग्रहरि समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें