शोहरतगढ़ स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स चोरीकांड का पुलिस ने किया खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • ज्वेलर्स की दुकान में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवर व नकदी बरामद

द खबर टाइम्स / दिनेश कुमार
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

शोहरतगढ़ पुलिस ने नगर के मेन रोड स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए नेपाल निवासी एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण (पीली धातु) तथा 1,500 रुपये नगद भारतीय मुद्रा बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक शिवम सोनी पुत्र स्व. वेदप्रकाश सोनी, निवासी वार्ड संख्या-4 दशरथनगर, कस्बा शोहरतगढ़ ने थाना शोहरतगढ़ में तहरीर देकर बताया था कि उनकी मेन रोड, गड़ाकुल स्थित दुकान का 17 जुलाई 2026 की रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोरों ने शटर और ताला तोड़कर दुकान में रखे सोने के आभूषण तथा कुछ नगदी चोरी कर ली थी। काफी खोजबीन के बाद भी चोरों का पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। इस तहरीर के आधार पर थाना शोहरतगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 152/2026 पंजीकृत किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्लाईवुड तिराहा, कस्बा शोहरतगढ़ के पास संदिग्ध व्यक्ति की चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान निरंजन केवट उर्फ भोला (20 वर्ष) पुत्र रामचंद्र केवट, निवासी ग्राम हथौसा, थाना तौलिहवा, जिला कपिलवस्तु (नेपाल) के रूप में हुई। उसके कब्जे से तीन ब्रेसलेट, दो जोड़ी कंगन, नौ अंगूठियां, दो नेकलेस, दो जोड़ी कान के टॉप्स, पांच मंगलसूत्र (लॉकेट सहित), एक हार तथा 1,500 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद सभी आभूषण चोरी की घटना से संबंधित हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, हेड कांस्टेबल दयानन्द, हेड कांस्टेबल अजय कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल प्रभाकर यादव तथा हेड कांस्टेबल सतीश कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Comment

और पढ़ें