द खबर टाइम्स / श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
नगर पंचायत शोहरतगढ़ के अटल नगर, छतहरा में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश किसान सभा एवं ट्रेड यूनियन मिड डे मील कर्मचारी यूनियन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किसान सभा के जिलाध्यक्ष श्याम लाल शर्मा ने की, जबकि संचालन सैय्यद नौशाद अली ने किया। बैठक की शुरुआत विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार, पेपर लीक की घटनाओं तथा छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा के साथ हुई। वक्ताओं ने संविदा कर्मियों को 26 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिए जाने, किसानों को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप फसलों का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने, मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करने, महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण पर रोक लगाने सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा की। इसके अलावा अल्पसंख्यकों, महिलाओं एवं छात्रों के उत्पीड़न पर रोक लगाने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्णमासी, अनवारुल्ला, विजय नाथ तिवारी, बृज बिहारी शर्मा, राम उजागिर मौर्य, त्रिभुवन यादव, माधव प्रसाद, राम सेवक गुप्ता, अवध राम, शिवशंकर चौधरी, सुरेन्द्र नाथ चौधरी, बद्रीनाथ चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




























