द ख़बर टाइम्स / धर्मेंद्र चौधरी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर.एस.एस.) के पदाधिकारियों द्वारा संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर खुनुवा बाजार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभातफेरी और पदयात्रा से हुई, जिसमें स्वयंसेवक पारंपरिक गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में नारे लगाते हुए खुनुवा बाजार की प्रमुख गलियों से गुजरे। पदयात्रा का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति, सेवा और संगठन के मूल्यों का प्रसार करना बताया गया। सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रमुख वक्ताओं ने संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने की यात्रा पर प्रकाश डाला और बताया कि संघ ने देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वक्ताओं ने कहा कि “संघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि जीवन मूल्य और राष्ट्र चेतना का प्रतीक है। इस अवसर पर उपस्थित संघ के पदाधिकारियों ने आने वाले वर्ष भर में आयोजित होने वाले शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की और समाज के हर वर्ग से इसमें सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत गाकर शताब्दी वर्ष आयोजन का समापन किया गया।




























