द ख़बर टाइम्स/श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
शुक्रवार को शोहरतगढ़ विकास खण्ड के ग्राम पंचायत मेहनौली व परिगवा में गाँव की समस्या गाँव में समाधान करने हेतु चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेहनौली में चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी चन्द्र भूषण तिवारी ने की तो वहीं परिगवा में चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी अधिकारी सचिव कामेश्वर मिश्रा ने की।

मेहनौली ग्रा.पं. के पंचायत भवन में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा जा रही ब्लॉक स्तरीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए खण्ड विकास अधिकारी चन्द्र भूषण तिवारी ने सचिव को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत में साफ-सफाई का रोस्टर बनाकर सफाई कर्मियों को निर्देशित करें कि गाँव के कूड़े को उठाकर उसे कूड़ा घर में ही डालें ताकि लोगों को समस्याओं का सामना न करना पड़े। इस दौरान झुंड के रूप में आई भीड़ को समझाते हुए कहा कि गाँव एवं आपकी जो भी समस्याएं हैं उसे लिखित रूप में प्रस्तुत करें, ताकि उसे पर संबंधित कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त कर उस समस्या का समाधान किया जा सके। इस दौरान मौखिक रूप से की गई शिकायत को उन्होंने पंजीकृत भी कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि 21 दिनों के अंदर ही जन्म-मृत्यु पत्र हेतु आवेदन करें, ताकि आप लोगों को बेबजह भागदौड़ न करनी पड़े। तो वहीं परिगवा के पंचायत भवन पर आयोजित चौपाल कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रभारी अधिकारी सचिव कामेश्वर मिश्रा ने कहा कि समस्याओं के निस्तारण के लिए ही शासन स्तर पर ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है ताकि गांव में ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।

चौपाल कार्यक्रम में मुख्य रूप से राशनकार्ड, फैमिली आईडी, वृद्धावस्था, विधवा पेंशन व दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास योजना, मनरेगा योजना, किसान सम्मान निधि, व्यक्तिगत शौचालय, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना आदि योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

ग्राम पंचायत मेहनौली में मुख्य रूप से बीडीओ चन्द्र भूषण तिवारी, सचिव सन्दीप संरोज, पंचायत सहायक सत्यावती, रोजगार सेवक राजाराम, गांव के देवनारायण पाण्डेय, प्रदीप उपाध्याय, जगदयाल साहनी, छोटेलाल नयनमती, अनारा, सम्भावती, भानमती आदि मौजूद रहे तो वहीं ग्राम पंचायत परिगवा में प्रभारी अधिकारी सचिव कामेश्वर मिश्रा, ग्राम प्रधान राजेंद्र शर्मा, पंचायत सहायक सुमन यादव, रोजगार सेवक संजय कुमार, सहायिका राममिलन, रिक्सा चालक विजय यादव, सफाईकर्मी राममिलन चौधरी, राजेंद्र, बिहारी, परमेश्वर, दौलत, कृष्णा यादव, रामेश्वर, पंकज शर्मा आदि मौजूद रहे।




























