शोहरतगढ़़ एवं बढ़नी ब्लॉक की बाल विकास परियोजना कार्यालय में तीन दिवसीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण हुआ सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द ख़बर टाइम्स/ चंद्रशेखर
शोहरतगढ़़, सिद्धार्थनगर। 
शोहरतगढ़़ एवं बढ़नी ब्लॉक की बाल विकास परियोजना कार्यालय में आयोजित “पोषण भी, पढ़ाई भी” विषयक तीन दिवसीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण की विशेषता रही कि इसमें रॉकेट लर्निंग से आई हुई मुख्य प्रशिक्षिका अमृता त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं को न केवल सैद्धान्तिक जानकारी दी, बल्कि डिमॉन्स्ट्रेशन के माध्यम से पोषणयुक्त भोजन तैयार करने के आसान और व्यवहारिक तरीके भी समझाए। उन्होंने दिखाया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से बच्चों को संतुलित आहार कैसे दिया जा सकता है। शिक्षा विभाग से प्रशिक्षक उमेश कुमार गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि “आंगनबाड़ी केंद्र केवल भोजन वितरण का स्थल नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य निर्माण की प्रयोगशाला हैं। यहां यदि पोषण और शिक्षा का समन्वय हो जाए, तो आने वाली पीढ़ी और मजबूत होगी।” प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाई। उन्होंने सामूहिक गतिविधियों, खेलों और गीतों के माध्यम से यह जाना कि किस तरह बच्चों को पढ़ाई में रुचि के साथ-साथ पोषण सम्बन्धी आदतें भी सहजता से सिखाई जा सकती हैं। बाल विकास परियोजना की मुख्य सेविका नाजिया एवं कविता तिवारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि “कुपोषण और अशिक्षा समाज की सबसे बड़ी चुनौतियाँ हैं। यदि आंगनबाड़ी केंद्र सशक्त होंगे तो न केवल बच्चे, बल्कि पूरा समाज सशक्त होगा।” तीन दिनों तक चले इस प्रशिक्षण ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और आत्म विश्वास भर दिया। उपस्थित सभी सुपरवाइजर एवं अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से आंगनबाड़ी केन्द्रों की कार्यशैली और भी प्रभावी होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें