द खबर टाइम्स टीम / Dharmendra Chaudhary With Shravan Patwa
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बा शोहरतगढ़ में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त किया। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने कस्बे के मुख्य मार्गों, बाजारों तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि जनपद में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सातवीं से दसवीं मोहर्रम तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनको लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस की प्रतिबद्धता है कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी मोहर्रम का त्योहार शांतिपूर्ण एवं पारंपरिक तरीके से बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न कराया जाए। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा ताजियादारों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जनपद एवं थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन भी किया जा चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, उपजिलाधिकारी करमेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, निरीक्षक सुभाष यादव, निरीक्षक अवधेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक रामबदन यादव, उपनिरीक्षक संतोष यादव, उपनिरीक्षक बलराम यादव, उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, अधिशासी अधिकारी अजय कुमार, लिपिक राजेश कुमार त्रिपाठी, चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, जामा मस्जिद सदर अल्ताफ हुसैन, नियाज अहमद, हैदर अली, एहसान कुरैशी, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




























