एनएच-730 सड़क दुर्घटना- ट्रेलर में घुसी अनियंत्रित कार, कार चालक समेत 2 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • सड़क दुर्घटना में घायल अखिलेश सिंह (76) का चल रहा इलाज तो वहीं इलाज के दौरान ढाई वर्षीय बच्चे उदित सिंह की भी हुई मौत
  • कड़ी मशक्कत के बाद राहगीरों ने निकाला था कार चालक सौरभ सिंह श्रीनेत (45) उर्फ़ रानू का शव
  • घटना में बेटे एवं भाई की मौत के बाद पूरी तरह से टूट चुका है विपुल सिंह

द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा के साथ RK बाबा की रिपोर्ट
चिल्हिया, सिद्धार्थनगर

मंगलवार को चिल्हिया थाना क्षेत्र के एनएच-730 पर महादेव और बरगदवा गांव के बीच दोपहर में हुंडई कार डीएल-7सीपी-9612 और ट्रेलर यूपी-54-एटी1107 के बीच जोरदार टक्कर के चलते ख़बर लिखें जाने तक दो लोगों की मौत हो गयी। प्रत्यक्ष दर्शीयों की माने तो अनियंत्रित कार सामने खड़े ट्रेलर में जा घुसी, जिसमें कार चालक सौरभ सिंह श्रीनेत (45) उर्फ़ रानू पुत्र अखिलेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क हादसा इतना दर्दनाक एवं भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, तो वहीं ट्रेलर के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ हैं। दबी जुबान से मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पहले कार की भिड़ंत पिकअप से हुई और बाद अनियंत्रित होकर के कार ट्रेलर में जा घुसी।

चालक सौरभ सिंह को बाहर निकालने में पुलिस और राहगीरों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार में चालक के साथ उनके पिता अखिलेश सिंह (76) पुत्र वेणी माधव सिंह पुत्र भगेलू सिंह और अखिलेश सिंह के मंझले पुत्र का ढाई वर्षीय बेटा उदित सिंह पुत्र विपुल श्रीनेत उर्फ़ मयंक भी सवार थे। टक्कर लगते ही अखिलेश सिंह और ढाई वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को एम्बुलेंस से माधव प्रसाद तिवारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा था।

डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई थी, इलाज के दौरान ढाई वर्षीय उदित सिंह की भी मौत हो चुकी हैं। घटना में बेटे एवं भाई की मौत के बाद विपुल सिंह भी पूरी तरह से टूट चुका है। एक तरफ विपुल भाई के साथ अपने बच्चों को खो दिया तो वही पिता की इलाज के साथ देखभाल भी करनी है।


पुलिस ने मृतक सौरभ सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। कार को क्रेन की मदद से हटाया गया, जिसके बाद यातायात पुनः सामान्य हो सका। जानकारी के अनुसार, मृतक सौरभ सिंह उर्फ रानू चिल्हिया थाना क्षेत्र के धुसुरी बुजुर्ग गांव के निवासी थे। परिवार को इस हादसे की खबर मिलते ही गहरा सदमा लगा । स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-730 पर भारी वाहनों के खड़े रहने और तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी और वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ाने की मांग की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है। घटना की सूचना पर मुख्यालय स्थिति माधव प्रसाद तिवारी मेडिकल कॉलेज में पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी समेत भाजपा के कई दिग्गज चेहरे पीड़ित परिजनों को शोकाकुल मन से ढाढस बधाते नजर आए।

Leave a Comment

और पढ़ें