- चौपाल में दी ब्लॉक स्तरीय योजनाओं की जानकारी
- चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू हुए बीडीओ, बोले—हर पात्र तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
शासन की मंशा के अनुरूप गाँव की समस्याओं का गांव स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को शोहरतगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत अगया एवं टड़िया में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। अगया गाँव में कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सचिव कुंवर कन्नौजिया तथा टड़िया में प्रभारी सचिव अजय भारतीया ने की।

टड़िया गाँव में आयोजित चौपाल के दौरान नवागत खंड विकास अधिकारी विमल कुमार श्रीवास्तव का प्रधान प्रतिनिधि अजय चौहान ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। चौपाल को संबोधित करते हुए बीडीओ विमल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री एवं आयुष्मान कार्ड जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। साथ ही कहा कि शोहरतगढ़ ब्लॉक को विकास एवं योजनाओं के क्रियान्वयन के मामले में अन्य ब्लॉकों से बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिवों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। ग्रामीणों को स्वच्छता, शौचालय के नियमित उपयोग, समय से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने तथा अन्य आवश्यक सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।

आरबीआई प्रतिनिधि संतोष शुक्ला ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, फैमिली आईडी, कृषक नंदिनी योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, गरीब परिवारों की पुत्रियों के विवाह अनुदान, वृद्धावस्था पेंशन, बैंकिंग सेवाओं, बीमा तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी। चौपाल में राशन कार्ड, फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, व्यक्तिगत शौचालय, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अगया ग्राम पंचायत में सचिव कुंवर कन्नौजिया, प्रधान सुभाष यादव तथा टड़िया में प्रभारी सचिव अजय भारतीया, विद्युत विभाग के जेई राजेश सहानी, प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार, अजय कुमार, पंचायत सहायक फूला चौहान, रोजगार सेवक अनीता चौहान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री शशिप्रभा सिंह एवं सुनीता देवी, सहायिका दुर्गावती, सफाईकर्मी रामलाल व अकालमती, आशा बहू सुमन पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



























