द खबर टाइम्स/धर्मेन्द्र चौधरी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल संगठन, इकाई शोहरतगढ़ द्वारा शुक्रवार को क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विवेकानंद मिश्र को एक ज्ञापन सौंपा गया। व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष आनंद प्रकाश कसौधन के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पहुंचा और क्षेत्र में हाल ही में देखी गई संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों एवं चोरी की आशंकाओं के संबंध में अपनी चिंता जताई।

ज्ञापन में मांग की गई कि प्रशासन रात्रिकालीन गश्त को सुदृढ़ करे, संदिग्ध ड्रोन उड़ानों पर निगरानी बढ़ाई जाए और पुलिस विभाग को निर्देशित किया जाए कि वह स्थानीय व्यापारियों व आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए। अध्यक्ष आनंद कसौधन ने कहा, “पिछले कुछ समय से क्षेत्र में अज्ञात ड्रोन देखे जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है। यह स्थिति व्यापारियों और नागरिकों में भय का वातावरण पैदा कर रही है। प्रशासन को तत्काल प्रभाव से सख्त कदम उठाने चाहिए।”

एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। ज्ञापन सौंपने के अवसर पर व्यापार मंडल के महामंत्री रामकिशोर उमर, प्रभारी शिवप्रसाद वर्मा, उपाध्यक्ष नंदू गौड़ एवं प्रगति पाण्डेय, संगठन मंत्री संजू पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारीगण उपस्थित रहे।



























