द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी को लेकर सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के आह्वान पर बाहों में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया और सरकार के निर्णय के प्रति विरोध दर्ज कराया।

टीएफआई के निर्देशानुसार चलाए जा रहे तीन दिवसीय विरोध अभियान के पहले दिन शिक्षकों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए काली पट्टी बांधकर विद्यालय पहुंचे और नियमित शिक्षण कार्य भी किया। इस दौरान शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता को “काला कानून“ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। ब्लॉक इकाई अध्यक्ष लालजी यादव एवं जिला प्रचार मंत्री मुस्तन शेरुल्लाह सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी एवं शिक्षक इस अभियान में शामिल हुए। शिक्षकों ने कहा कि टीईटी अनिवार्यता का निर्णय उनके हितों के प्रतिकूल है और इससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल काली पट्टी बांधकर विरोध जताने के साथ ही शिक्षकों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए छात्रों को पढ़ाने का कार्य जारी रखा।



























