कार्यालय व्यवस्था से लेकर विकास कार्यों तक सुधार की पहल, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
द खबर टाइम्स टीम
इटवा/सिद्धार्थनगर
नगर पंचायत इटवा में अधिशासी अधिकारी शिव कुमार के चार माह के कार्यकाल में कार्यालयी व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण को गति देने की पहल की गई है। कार्यालय की साज-सज्जा, कर्मचारियों की सुविधाओं, हरित वातावरण और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार के साथ विकास कार्यों की निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी ने कार्यालय में आवश्यक उपकरणों और अलमारियों की व्यवस्था कराने के साथ कर्मचारियों के पहचान पत्र बनवाए। कर्मचारियों को ईएसआई तथा सैलरी बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की गई। कार्यालय परिसर को गमलों और पौधों से सुसज्जित कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने का प्रयास किया गया है।

समयबद्ध कार्य और जवाबदेही पर जोर- अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों और सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर उन्हें निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिए। आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और समस्याओं के प्रभावी निस्तारण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। सभासदों के साथ विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान की पहल की जा रही है।
विकास कार्यों की मौके पर निगरानी- नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल और अधिशासी अधिकारी शिव कुमार द्वारा निर्माणाधीन कार्यों का लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। अध्यक्ष, सभासदों और अधिकारियों के साथ बैठक कर वार्डवार विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
गुणवत्ता में कमी पर सुधार के निर्देश- अधिशासी अधिकारी ने निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों को गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। कमियां मिलने पर संबंधित को सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं। शासन से प्राप्त धनराशि के अनुरूप टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा अधूरे कार्यों को समय से पूरा कराने के लिए द्वितीय किस्त की धनराशि की मांग भी की गई है।
आईजीआरएस और आरटीआई के निस्तारण पर प्राथमिकता- नगर पंचायत में आईजीआरएस, आरटीआई और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। व्यापारियों से लेकर आम नागरिकों तक की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है। नगर की सीमा को स्पष्ट करने के लिए स्वागत द्वार बनवाने तथा प्रमुख सड़कों के किनारे पौधारोपण कराने की पहल भी की गई है। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि कार्यालयी व्यवस्था में सुधार, विकास कार्यों की नियमित निगरानी और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है।
































