शोहरतगढ़; सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में जुटा नगर पंचायत प्रशासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

— घर-घर दीप प्रज्ज्वलन के साथ स्वच्छता, पौधारोपण और जनजागरूकता के होंगे कार्यक्रम

— 17 सितंबर को प्रमुख स्थलों और आवासों पर पांच दीप जलाने की अपील

द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर

नगर पंचायत सभागार में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल और सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पाण्डेय ने की। बैठक में सभासदों, नगर पंचायत कर्मचारियों और अन्य लोगों ने अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की।

चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सीटीयू का चिन्हांकन कर वहां साफ-सफाई कराई जाएगी। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत सफाई मित्रों की सुरक्षा के लिए शिविर भी आयोजित होगा। प्रमुख स्थलों और घरों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ गौशाला में सेवा कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’, कलाकारों की नाट्य प्रस्तुतियां, जनभागीदारी, 157 घंटे सतत महा सफाई अभियान, प्लास्टिक उन्मूलन और जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्वच्छ भारत दिवस, वाटर बॉडी की साफ-सफाई, स्वच्छ कार्यालय, विशेष स्वच्छता अभियान, सेवा ज्योति कलश यात्रा, विकसित भारत का संकल्प, स्वच्छ पर्व-हरित पर्व और पौधारोपण सहित नवरात्रि पर्व से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। इसके साथ ही अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने कहा कि आगामी 17 सितंबर को सभी नगरवासी प्रमुख स्थलों के साथ-साथ अपने-अपने आवासों पर कम से कम पांच दीपक अवश्य जलाएं। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष आगामी सात अक्टूबर को पूरे हो रहे हैं। इसी के तहत सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को जिलाधिकारी के माध्यम से लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत होगी। सरकारी भवनों के साथ लोगों के घरों पर भी दीप जलाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य लोगों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से जोड़ना है। बैठक में सभासद बाबूजी अंसारी, वकील खान, शिव रतन कन्नौजिया, सफाई नायक श्रीनिवास, अभिलाष मिश्रा, राजू गोस्वामी, संजय दूबे तथा लिपिक कमलेश गुप्ता, बीडी गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें