- श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व
- कान्हा के भजनो पर ताली बजाते रहे प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पाण्डेय
द खबर टाइम्स/धर्मेंद्र चौधरी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही शंख, घंटा-घड़ियाल गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय कर दिया। महिलाओं ने थाली बजाकर सोहर गीत गाए और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

नगर के श्रीराम-जानकी मंदिर में पुजारी सत्यप्रकाश शुक्ला ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कराया। इसके बाद आरती और प्रसाद वितरण हुआ। मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में गायक पंकज निगम ने भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। ‘मारने वाला है भगवान, बचाने वाला है भगवान’ सहित अन्य भजनों पर श्रद्धालु तालियों के साथ झूमते रहे।

कार्यक्रम में विधायक विनय वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, रविकांत अग्रहरि, रामसेवक गुप्ता, नीलू रूंगटा, मनोज कुमार गुप्ता, महेश कसौधन, सौरभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर परिसर में देर रात तक भक्ति गीतों का सिलसिला चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात शोहरतगढ़ इंस्पेक्टर शेषमणि पांडेय भी कान्हा के भजनों पर तालियां बजाते नजर आए। वहीं एसआइ संतोष यादव, हेड कांस्टेबल प्रभाकर यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव सहित स्थानीय पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा।

इसी कड़ी में शोहरतगढ़ के कारण माता मंदिर में भी जन्माष्टमी पर विशेष आयोजन हुआ। पुजारी टिल्लू शर्मा ने लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर पीतांबर वस्त्र धारण कराया और विधिवत पूजन-अर्चन किया। फूलों से सजे झूले में भगवान को विराजमान कर झुलाया गया। 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित करने के बाद प्रसाद वितरित किया गया। ‘एक शाम श्याम के नाम’ भजन संध्या में श्याम शर्मा और सलोनी विश्वकर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी। ‘हारे के सहारे श्याम सांवरे’ और ‘हे कृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।

इसी क्रम में शोहरतगढ़, चिल्हिया और ढेबरुआ समेत तहसील क्षेत्र के विभिन्न थानों पर भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पुलिसकर्मियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।
https://www.facebook.com/share/v/19W2wtLBNU/
































