शोहरतगढ़ में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर पंचायत सचिवों को किया गया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

बाल श्रम उन्मूलन को लेकर विकास खंड शोहरतगढ़ में गुरुवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की ओर से आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी विमल कुमार श्रीवास्तव ने की। इसमें विकास खंड के सभी पंचायत सचिवों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में शोहरतगढ़ ब्लॉक को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए ग्राम स्तर पर प्रभावी निगरानी, कार्रवाई और जनजागरूकता पर जोर दिया गया।

कार्यशाला में डिस्ट्रिक्ट लीड प्रसून कुमार शुक्ला ने ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित करने की प्रक्रिया और समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर बाल श्रम की पहचान, रोकथाम और बच्चों के संरक्षण के लिए समितियों की नियमित बैठक एवं प्रभावी निगरानी बेहद जरूरी है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं तथा बाल श्रम उन्मूलन से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने पंचायत सचिवों से गांवों में बाल श्रम की स्थिति पर लगातार नजर रखने, चिन्हित बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही शोहरतगढ़ ब्लॉक को बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। जिला सलाहकार जय प्रकाश गुप्ता ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के अधिकारों के हनन के साथ ही उनके भविष्य और समाज के विकास से जुड़ा गंभीर विषय है। ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित निगरानी, अभिभावकों में जागरूकता और विद्यालय से बाहर रहने वाले बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि ग्राम स्तर पर गठित समितियां पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करें तो बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। कार्यशाला में ब्लॉक समन्वयक ई. अमन शर्मा, पंचायत सचिव अजय भारतीया, निशा श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें