शोहरतगढ़ थाना परिसर में सम्पन्न हुई पीस कमेटी की बैठक, विभिन्न विन्दुओं पर हुई चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

— पीस कमेटी की बैठक में सीओ ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी से बचने की दी हिदायत।
— भारी पुलिस बल के साथ शोहरतगढ़ कस्बे में किया फ्लैग मार्च।

द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

आगामी बारावफात, गणेश चतुर्दशी और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को थाना परिसर शोहरतगढ़ में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी समुदायों के धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, मंदिरों के पुजारियों एवं व्यवस्थापकों, मौलवी-मौलानाओं, आयोजकों तथा संभ्रांत नागरिकों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने की। उन्होंने शासन एवं प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने तथा प्रतिबंधित गीत नहीं बजाने की हिदायत दी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि परंपरागत त्योहारों को परंपरागत रूट और निर्धारित तरीके से ही मनाया जाए। उन्होंने बारावफात कार्यक्रम की अगुवाई करने वाले लोगों से जुलूस एवं कार्यक्रम का रूट चार्ट उपलब्ध कराने को कहा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।

सीओ मयंक द्विवेदी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि त्योहार के उल्लास में ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी, भ्रामक पोस्ट अथवा अफवाह फैलाने से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी लोगों से किसी भी समस्या या आशंका की स्थिति में पुलिस-प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर पंचायत को प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। खुले में पशुओं को छोड़ने वाले पशुपालकों को नोटिस देने तथा प्रतिबंधित गाने बजाने पर कार्रवाई की बात कही गई। सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

पीस कमेटी की बैठक के बाद एसडीएम राजेश कुमार एवं सीओ मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में निर्धारित मार्गों पर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, किशोरी लाल गुप्ता, अल्ताफ हुसैन, राजकुमार मोदनवाल, शैलेंद्र कौशल, मनोज कुमार गुप्ता, महेश कसौधन, वीरेंद्र गौड़, अशरफ अंसारी, शहनबाज आलम, बबलू यादव, आकाश अग्रहरि, विनोद कुमार, रंजीत, राजू, रामकेश यादव सहित वरिष्ठ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव, उपनिरीक्षक रामबदन यादव, राजकुमार यादव, दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रभाकर, दिनेश यादव, अजय कुमार, सतीश कुमार सिंह, दयानंद यादव, राधेश्याम चौहान आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें