फर्जी पहचान के सहारे नाबालिग से बनाया संपर्क! फरार होने से पहले शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया युवक, सात लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हिंदू बनकर किशोरी से की थी दोस्ती, खुली सच्चाई तो मचा हड़कंप

द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

शोहरतगढ़ कस्बे में नाम और धर्म छिपाकर एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 18 मई की शाम कस्बे की एक 17 वर्षीय किशोरी अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद जानकारी मिली कि वह मोहल्ले के ही एक युवक के साथ शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि युवक किशोरी को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। विरोध करने पर उसने धक्का-मुक्की की और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। बाद में परिजन किशोरी को अपने साथ घर वापस ले आए।

परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक इंतियाज उर्फ राज पुत्र रशीद ने अपना नाम और धर्म छिपाकर खुद को हिंदू बताया था। इसी फर्जी पहचान के जरिए वह किशोरी के संपर्क में आया था। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने किशोरी को अपने प्रभाव में लेकर उसे भगाकर ले जाने की साजिश रची। घटना के बाद जब परिजन आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे तो आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान किशोरी की मां की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराना पड़ा। परिवार ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में इंतियाज उर्फ राज पुत्र रशीद, रशीद, सिराज, रियाज, गोलू, गुड्डु समेत सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 110, 137(2), 87 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शोहरतगढ़ इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें