अभिषेक प्रताप शाह की जीत से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति: जगदंबिका पाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

द खबर टाइम्स / श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

नेपाल के कपिलवस्तु क्षेत्र-3 से सांसद निर्वाचित हुए अभिषेक प्रताप शाह को बधाई देते हुए डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि उनकी जीत भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के विकास के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगी।

सांसद ने कहा कि पूर्व में बढ़नी क्षेत्र में प्लांट क्वॉरेंटाइन स्थापित करने का मुद्दा उठाया गया था। उस समय एक प्रतिनिधिमंडल अभिषेक प्रताप शाह के साथ भारत सरकार के पास गया था और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर बढ़नी में प्लांट क्वॉरेंटाइन स्थापित करने की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि उस दौरान यह भी प्रस्ताव रखा गया था कि बढ़नी में प्लांट क्वॉरेंटाइन के साथ-साथ एनिमल क्वॉरेंटाइन की भी व्यवस्था की जाए, जिससे सीमा क्षेत्र में कृषि और पशुधन से जुड़े व्यापार को बढ़ावा मिल सके। सांसद ने कहा कि बढ़नी में इमीग्रेशन व्यवस्था स्थापित करने की भी आवश्यकता है, ताकि भारत और नेपाल के बीच लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियां और अधिक सुगम हो सकें। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यदि इन योजनाओं को अमल में लाया जाता है तो भारत और नेपाल के बीच आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे तथा सीमा क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। सांसद ने उम्मीद जताई कि अभिषेक प्रताप शाह के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर नगर पंचायत शोहरतगढ़ के अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने भी अभिषेक प्रताप शाह की जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

और पढ़ें