द खबर टाइम्स / श्रवण पटवा
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर
डुमरियागंज के राप्ती नदी तट स्थित मंगल भवन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को भव्य समारोह में 207 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। विभिन्न धर्मों के जोड़ों का विवाह उनकी परंपराओं के अनुसार सम्पन्न कराया गया, जिससे सामाजिक समरसता की मिसाल देखने को मिली।

समारोह का शुभारंभ गणेश पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायक साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें 60 हजार रुपये सीधे वधू के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाते हैं। समारोह में कुल 140 हिन्दू, 58 बौद्ध और 9 मुस्लिम जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। हिन्दू जोड़ों का विवाह वैदिक रीति से, मुस्लिम जोड़ों का निकाह तथा बौद्ध जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपरा के अनुसार सम्पन्न हुआ।

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी पात्र वधुओं के खातों में 60 हजार रुपये की धनराशि भेज दी गई है। नवदम्पतियों को साड़ी, कपड़े, चांदी की पायल-बिछिया, डिनर सेट, कूकर, ट्रॉली बैग, पंखा, कंबल, गद्दा सहित अन्य गृहस्थी का सामान भी भेंट किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा वर-वधू के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न धर्मों के जोड़ों ने एक साथ वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत कर सामाजिक एकता का संदेश दिया।




























